दृष्टिहीन संघ का सचिवालय के बाहर धरना, 1 घंटे तक चक्का जाम, पुलिस पर धक्का-मुक्की का आरोप

राइट न्यूज हिमाचल

राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ ने एक बार फिर बैकलॉग भर्ती की मांग को लेकर मंगलवार को सचिवालय के बाहर धरना दिया। इस दौरान संघ ने करीबन 1 घंटे चक्का जाम भी किया। इस दौरान यहां यातायात प्रभावित हुआ।

पुलिस ने उन्हें सड़क से हटाने का प्रयास किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और धक्का-मुक्की भी हुई। दृष्टिहीन संघ पिछले एक साल से बैकलॉग भर्ती की मांग को लेकर शिमला में ही क्रमिक अनशन पर बैठा है, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक इनकी मांगों पर कोई गौर नहीं किया गया।हालांकि मामले पर कई बार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री की अध्यक्षता में बैठक भी हुई, लेकिन इसके कोई सकारात्मक परिणाम नहीं आए।

ऐसे में संघ ने अब सचिवालय के नजदीक ही डेरा जमाया हुआ है। संघ के अध्यक्ष शोभू राम का कहना है कि जब तक लिखित में उनकी मांगों को नहीं मान लिया जाता, तब तक हर रोज अब सचिवालय के बाहर धरना प्रदर्शन व चक्का जाम होगा।मांगे नहीं सुन रही सरकारराष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ के सदस्य राजेश ठाकुर ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को नहीं सुन रही है। उन्हें धरने पर बैठे हुए एक साल होने वाला है। मुख्यमंत्री उनसे बात नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज वह मुख्यमंत्री से मिलने आए थे, लेकिन मुख्यमंत्री उनसे नहीं मिले। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि वह तब तक नहीं हटेंगे, जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाएंगी। उन्हें लिखित में सरकार से जवाब चाहिए।

राजेश ठाकुर का आरोप है कि पुलिस उनके एक सदस्य को जबरन उठाकर ले गई और पुलिस धमकाने का काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *