इंजीनियरिंग की पढ़ाई, नेवी में नौकरी…हिमाचल की बेटी प्रिया कायथ ने किया कमाल

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला स्थित रोहडू के दलगांव की रहने वाली लेफ्टिनेंट कमांडर प्रिया कायथ ने हाल ही में मिसेज इंडिया लिगेसी-2024 का खिताब जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता नई दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में आयोजित की गई थी और इस जीत के साथ प्रिया हिमाचल प्रदेश की पहली महिला बन गई हैं, जिन्होंने यह प्रतिष्ठित खिताब जीता।

लेफ्टिनेंट कमांडर के पद पर तैनात है प्रिया कायथप्रिया कायथ भारतीय नौसेना में लेफ्टिनेंट कमांडर के पद पर सेवाएं दे रही हैं। इससे पहले वह ‘मिस टैलेंट हिमाचल’ और ‘मिस नॉर्थ इंडिया’ जैसे खिताब भी अपने नाम कर चुकी हैं। हालांकि, भारतीय नौसेना में शामिल होने के बाद कुछ समय के लिए वह प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले सकी थीं। प्रिया का मानना है कि उनकी पेशेवर जिम्मेदारियों और व्यक्तिगत मेहनत ने उन्हें यह सफलता दिलाई है।प्रिया की शादी देहरादून निवासी भारतीय सेना में कार्यरत मेजर प्रशांत भंडारी से हुई है।

उन्होंने अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई हमीरपुर से की है और वह कराटे में ब्लैक बेल्ट भी रह चुकी हैं, जो उनकी शारीरिक और मानसिक मजबूती का प्रतीक है।प्रिया की मिसेज इंडिया लिगेसी-2024 की जीत न केवल उनके व्यक्तिगत संघर्ष और प्रयासों का परिणाम है, बल्कि यह हिमाचल प्रदेश की महिलाओं के लिए एक प्रेरणा भी है।

इस सफलता के बाद प्रिया अब अपनी नजरें अगली बड़ी प्रतियोगिता, मिसेज यूनिवर्स-2025 पर टिका चुकी हैं। वह अपनी फिटनेस और आत्मविश्वास को बनाए रखते हुए इस नए लक्ष्य के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *