हिमाचल में होटल मैनेजर हत्याकांडः SIT का गठन, CCTV फुटेज…बवाल के बाद चंबा के आरोपी 2 पुलिस कर्मी गिरफ्तार

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में नव वर्ष के मौके पर बनीखेत स्थित निजी होटल के मैनेजर और पुलिस कर्मियों के बीच हुई झड़प ने गंभीर रूप ले लिया है। इस घटना में होटल के जनरल मैनेजर की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई है। जबकि, एक पुलिसकर्मी और होटल का फ्रंट मैनेजर गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। साथ ही स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष व्यक्त किया है। बहरहाल, मामले को तूल पकड़ता देख पुलिस थाना डलहौजी के तहत दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।आपको बता दें कि पुलिस विभाग ने दोनों आरोपियों को नौकरी से भी सस्पेंड कर दिया है।

साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। इस बात की पुष्टि SP चंबा अभिषेक यादव ने की है।SP चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि नए साल के जश्न के लिए डलहौजी में तैनात किए गए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ दोनों पुलिस कर्मचारी आए हुए थे। डलहौजी से लौटते वक्त दोनों होटल में पहुंचे थे- जहां उनकी होटल के कर्मचारियों के साथ किसी बात को लेकर बहस और झड़प हो गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।बताया जा रहा है कि घटना मंगलवार रात करीब 1 बजकर 30 मिनट की है। बनीखेत में स्थित नेचर वैली रिजॉर्ट के फ्रंट मैनेजर और तिस्सा क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मी की बहस और झड़प में जनरल मैनेजर की मौत हुई है।मिली जानकारी के अनुसार, होटल में न्यू ईयर की पार्टी आयोजित की गई थी- जो कि बीती रात 12 बजे खत्म हो गई थी।

पार्टी के बाद नाकाबंदी पर तैनात पुलिस कर्मी अनूप वापस लौट रहा था। मगर स्टाफ ने उसे खाना खाने के लिए रोक लिया।मैनेजर सचिन के साथ अनूप की बहस हो गई। दोनों की बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों लड़ते-झगड़ते बाहर सड़क पर आ गए। इसी बीच होटल के GM राजिंद्र ने बीच-बचाव करने की कोशिश की- तो तीनों सड़क से फिसलकर पार्किंग में गिर गए। इस घटना में GM की मौत हो गई।

जबकि, पुलिसकर्मी और फ्रंट मैनेजर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक की पहचान राजिंद्र सिंह के रूप में हुई है। घायलों की पहचान फ्रंट मैनेजर सचिन और पुलिस कर्मी अनूप के रूप में हुई है। अभी घटना के असली कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।मामले की सूचना मिलते ही घटना के तुरंत बाद ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस टीम द्वारा मौके पर लगे CCTV की फुटेज को भी खंगाला गया।

साथ ही मौके पर मौजूद लोगों के बयान कलमबद्ध किए गए हैं। फिलहाल पुलिस टीम द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।उधर, स्थानीय लोगों ने पुलिस विभाग के जवानों को राजिंद्र की मौत का कारण बताया है। ग्रामीणों ने दोपहर तक पठानकोट भरमौर-चंबा नेशनल हाईवे को बनीखेत तक जाम करके रखा और पुलिस विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *