राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां चिंतपूर्णी में आज शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक श्रद्धालु अचानक सीढ़ियों पर अचेत होकर गिर पड़ा। यह श्रद्धालु अपने परिवार के साथ पंजाब से मां चिंतपूर्णी के दर्शन करने पहुंचा था, लेकिन दर्शन करने से पूर्व ही इसकी मौत हो गई।
दरअसल मां चिंतपूर्णी मंदिर में मां के दर्शन के लिए पहुंचे एक श्रद्धालु को सीढ़ियों पर हार्ट अटैक आ गया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय जतिंद्र कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी जंडियाला अमृतसर के रूप में हुई है। जतिंद्र कुमार अपने पूरे परिवार के साथ मां के दर्शन करने के लिए चिंतपूर्णी मंदिर में पहुंचा था।
आज शनिवार सुबह जब जतिंद्र कुमार परिवार के साथ मंदिर की सीढ़ियां चढ़ रहा था, तभी उसे अचानक चक्कर आ गया और वह अचेत हो कर सीढ़ियों पर गिर पड़ा। आनन फानन में जतिंद्र के परिवार के सदस्यों और अन्य लोगांे ने उसे चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया, जहां मौजूद चिकित्सकांे ने उसे मृत घोषित कर दिया।डॉक्टरों की मानें तो जतिंद्र कुमार को सीढ़ियां चढ़ते समय हार्ट अटैक आया था, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गया।
जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अंब वसुधा सूद ने बताया कि मां चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे अमृतसर के एक श्रद्धालु की मौत हुई है। पुलिस ने मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आगे की जांच जारी है।
मां चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच यह घटना धार्मिक स्थलों पर स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की आवश्यकता को भी उजागर करती है।


