राइट न्यूज हिमाचल
सिरमौर जिला के ऐतिहासिक चौगान मैदान में रंगमंच के क्षेत्र में जानी मानी देश की अग्रणी संस्था स्टेपको द्वारा आयोजित सिरमौर उत्सव की सांस्कृतिक संध्या का चार दिवसीय कार्यक्रम संपन्न हो गया।
अंतिम संध्या में स्टार कलाकार के रूप में हिमाचल के जाने माने स्टार कलाकार एसी भारद्वाज ने नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में पहाड़ी व हिंदी के साथ-साथ पंजाबी गीतों की ऐसी छटा बिखेरी कि पूरा नाहन शहर मानों झूमने को मजबूर हो गया। यहां तक कि कार्यक्रम के मुख्यातिथि व नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने मुख्यातिथियों के साथ मंच पर एसी भारद्वाज के साथ काफी समय तक पहाड़ी लोक नृत्य पर जमकर नृत्य किया।
एसी भारद्वाज के मंच पर आगाज से ही पूरा नाहन चौगान मानों स्वागत की तालियां व सीटियों से गूंज उठा हो। स्टेपको संस्था सिरमौर द्वारा आयोजित सिरमौर उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में एसी भारद्वाज ने अपने जाने माने गीत कांची रे कांची रे प्रीत तेरी साची, देखा एक ख्वाब तो सिलसिले हुए, एक हसीना थी एक दीवाना था के साथ-साथ पंजाबी गानों का तडक़ा खूब लगाया।
स्टार कलाकार एसी भारद्वाज के अलावा स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रस्तुति का मौका दिया गया।इस अवसर पर चार दिनों के अंदर आयोजित मिस्टर व मिस सिरमौर के अलावा वेट लिफ्टिंग, बॉडी बिल्डिंग, जूनियर व सीनियर मॉडलिंग के अलावा बेबी शो आदि के परिणाम भी घोषित किए गए। स्टेपको संस्था नाहन के अध्यक्ष रजित कंवर, वसीम खान, राजीव सोडा आदि ने बताया कि चार दिनों तक जिला सिरमौर की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान किया गया।
उनमें विजेताओं की घोषणा अंतिम स्टार नाइट के दौरान की गई। इस अवसर पर बतौर मुख्यातिथि पहुंचे नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पूरे प्रदेश व सिरमौर के लोगों का आह्वान किया कि देवभूमि हिमाचल को नशा मुक्त बनाने में अपना योगदान दें। अजय सोलंकी ने उपस्थित जनसमूह का आह्वान किया के ड्रॉप ऑफ होप संस्था द्वारा जिला सिरमौर में जो रक्तदान का अभियान शुरू किया गया है उसमें हर व्यक्ति जरूरतमंद व्यक्ति को रक्तदान कर उसका अमूल्य जीवन बचाने में मदद करें।
चार दिनों तक मंच संचालन जाने माने एंकर रवीश भारद्वाज द्वारा आकर्षक तौर पर किया गया। उन्होंने कहा कि इस बार के सिरमौर उत्सव के दौरान वेट लिफ्टिंग की प्रतियोगिता इंट्रोड्यूस्ड की गई थी जिसमें युवाओं ने काफी रुचि दिखाई। लोक नृत्य व गायकी की प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब की सहायक प्रोफेसर डा. किरण शर्मा, संगीत के प्रवक्ता ओम प्रकाश शर्मा ने अहम भूमिका निभाई।
इस अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को मुख्यातिथि द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


