राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सीपीएस मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इस फैसले को सत्य और न्याय की जीत बताते हुए विपक्ष पर कड़े प्रहार किए। मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि हम सीपीएस मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का स्वागत करते हैं।
भाजपा द्वारा रचा गया षड्यंत्र एक बार फिर से नाकाम हुआ। यह साबित हो गया है कि जनबल की ताकत, धनबल से कहीं अधिक प्रभावशाली होती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के जनादेश से बनी सरकार को गिराने की विपक्ष की निरंतर साजिशें कभी सफल नहीं हो सकतीं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कल भी हारे थे, आज भी पराजित हैं और आने वाले कल में भी उनकी हार सुनिश्चित है।
यह सत्य आज फिर से स्पष्ट हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को अपनी नकारात्मक और विध्वंसक राजनीति का त्याग करना होगा। उनकी असफल साजिशों और झूठे आरोपों के बावजूद जनता ने सत्य की विजय को स्वीकार किया है।सुक्खू ने जोर देते हुए कहा कि उनकी सरकार हमेशा जनता के सम्मान और समृद्धि के लिए काम करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर परिस्थिति में जनता के पक्ष में खड़ी रहेगी। हिमाचल प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए हमारी प्रतिबद्धता अटूट है।मुख्यमंत्री ने भाजपा को न केवल साजिशों का जिम्मेदार ठहराया बल्कि यह भी कहा कि विपक्ष ने लोकतंत्र को कमजोर करने की हरसंभव कोशिश की है।
उन्होंने जनता से अपील की कि वे सतर्क रहें और उन ताकतों को पहचानें जो प्रदेश की प्रगति में बाधा डालने की कोशिश कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें। हिमाचल प्रदेश की जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी है और इसे बनाए रखना हमारा कर्तव्य है।


