राइट न्यूज हिमाचल
शिमला जिला के उपमंडल रामपुर-तकलेच सड़क मार्ग के लाडा नाले में भारी भूस्खलन से सड़क मार्ग को काफी नुक्सान हुआ। इसके कारण क्षेत्र की 8 पंचायतों में यातायात का व्यवस्था ठप्प हो गई है।
क्षेत्र में अनाचनक भूस्खलन होने से सड़क मार्ग में एक वाहन भी इसकी चपेट में आ गया। इस हादसे के दौरान 2 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को रामपुर के खनेरी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं क्षेत्र में भारी भूस्खलन होने से रामपुर क्षेत्र की 8 पंचायतों में वाहनों की आवाजाही भी बंद हो गई है। इसके अलावा भूस्खलन की चपेट में वाहन के आने के बाद लोगों में दहशत का वातावरण हो गया है।
दूसरी ओर क्षेत्र की पंचायतों में रहने वाले लोग भी रामपुर आने से डरने लगे हैं। बता दें कि इससे पूर्व में तकलेच में बादल फटने की घटना के बाद सड़क मार्ग 5 दिन तक अवरुद्ध रहा था। इस सड़क मार्ग से क्षेत्र की 8 पंचायतों के लोगों का आवागमन होता है। इन पंचायतों में नरैण-बाहली, तकलेच, दरकाली, मुशीष, काशापाट, कुहल, देवठी, बाहली शामिल हैं।
लोक निर्माण विभाग तकलेच के सहायक अभियंता शोभा सिंह ने बताया कि भारी भूस्खलन के बाद सड़क मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। सड़क मार्ग को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।


