राइट न्यूज हिमाचल
पुलिस थाना डल्हौजी तैनात एक होमगार्ड जवान की छत से गिरने के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरजीत सिंह निवासी मेल के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। सुरजीत सिंह काफी समय से थाना डल्हौजी में होमगार्ड के पद पर तैनात था और इन दिनों अवकाश पर अपने घर मेल गया हुआ था।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे सुरजीत सिंह अपने दोमंजिला मकान की छत पर टहल रहा था। इस दौरान अचानक वह छत नीचे गिर कर बेसुध हो गया। परिजन बेसुध अवस्था में उसे उपचार के लिए पठानकोट ले गए, लेकिन रास्ते में सुरजीत ने दम तोड़ दिया। मृतक सुरजीत सिंह के परिवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक स्वास्थ्य केंद्र डल्हौजी ले जाया गया। पुलिस ने सुरजीत सिंह के परिवार के बयान दर्ज कर शव काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार को सौंप दिया। एसपी अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।सुरजीत सिंह अपने पीछे माता-पिता के अलावा पत्नी और 2 बेटों को छोड़ गया है।
सुरजीत का बड़ा बेटा सुजल कुमार 12वीं कक्षा में जबकि छोटा बेटा नमन कुमार 10वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। सुरजीत सिंह परिवार में इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


